धरहरा: 41 बोतल महुआ शराब के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, एक साथी फरार

धरहरा: 41 बोतल महुआ शराब के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, एक साथी फरार

धरहरा (मुंगेर)। हेमजापुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 बोतल महुआ शराब के साथ एक 19 वर्षीय युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान महरना गांव निवासी चेथरू यादव के पुत्र राजा कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि छारा पार्टी के रास्ते दो युवक बाइक से बाग की ओर अवैध महुआ शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद हेमजापुर थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों का पीछा किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे।




पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर चौकी मुसहरी के पास जाल बिछाकर घेराबंदी की, जहां से राजा कुमार को 41 बोतल महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दूसरा युवक भागने में सफल रहा।

इस संबंध में हेमजापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार युवक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ